हर हर महादेव
वैदिक पंचांग
दिनांक – 03 फरवरी 2026
दिन – मंगलवार
विक्रम संवत – 2082
शक संवत – 1947
अयन – उत्तरायण
ऋतु – शिशिर ऋतु
मास – फाल्गुन (गुजरात-महाराष्ट्र – माघ)
पक्ष – कृष्ण
तिथि – द्वितीया रात्रि 12:40 तक तत्पश्चात तृतीया
नक्षत्र – मघा रात्रि 10:10 तक तत्पश्चात पूर्वाफाल्गुनी
योग – शोभन 04 फरवरी रात्रि 02:39 तक तत्पश्चात अतिगण्ड
राहुकाल – शाम 03:41 से शाम 05:06 तक
सूर्योदय – 07:16
सूर्यास्त – 06:28
दिशाशूल – उत्तर दिशा में
व्रत पर्व विवरण
विशेष – द्वितीया को बृहती (छोटा बैगन या कटेहरी) खाना निषिद्ध है।
(ब्रह्मवैवर्त पुराण, ब्रह्म खंडः 27.29-34)
वैदिक पंचांग
आर्थिक कष्ट निवारण हेतु
रविवार, सप्तमी, नवमी, अमावस्या, सूर्यग्रहण, चन्द्रग्रहण तथा संक्रांति – इन तिथियों को छोड़कर बाकी के दिन आँवले का रस शरीर पर लगाकर स्नान करने से आर्थिक कष्ट दूर होता है।
(स्कंद पुराण, वैष्णव खंड)
वैदिक पंचांग
पत्तल में भोजन के लाभ
पलाश के पत्तल में भोजन करने से स्वर्ण के बर्तन में भोजन करने का पुण्य व आरोग्य मिलता है।
केले के पत्तल में भोजन करने से चांदी के बर्तन में भोजन करने का पुण्य व आरोग्य मिलता है।
वैदिक पंचांग
शीतकाल में पुष्टिवर्धक नाश्ता
1–1 कटोरी गेहूँ, मूँगफली, सोयाबीन, तिल, मूँग, काबुली चने अलग-अलग भूनकर पीस लें।
इस मिश्रण की दुगनी मात्रा में गुड़ लेकर एक तार की चाशनी बनाएं और मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर 1 कटोरी घी डाल दें तथा 25–30 ग्राम के लड्डू बना लें।
आधी कटोरी काजू भी डाल सकते हैं।
शीतकाल में अपनी पाचनशक्ति के अनुसार 1 लड्डू रोज सुबह नाश्ते के रूप में लें।
यह स्वादिष्ट नाश्ता प्रोटीन, विटामिन तथा लौह, कैल्शियम आदि पौष्टिक तत्वों से भरपूर होता है।
यह बढ़ते हुए बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दूध पिलाने वाली माताओं के लिए विशेष लाभदायक है।
साथ ही सभी के लिए यह गुणकारी व बलवर्धक है।
रक्त की कमी और कुपोषण की स्थिति में इसका सेवन अत्यंत उपयोगी है।
पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर लगाने के प्रमुख फायदे
नकारात्मकता का नाश – घर में किसी भी प्रकार की बुरी शक्तियों या नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश नहीं होता।
वास्तु दोष में सुधार – यह घर की वास्तु संबंधी समस्याओं को दूर कर सुख-शांति लाती है।
धन और समृद्धि – पंचमुखी हनुमान जी की पूजा से धन और समृद्धि में वृद्धि होती है।
भय और डर से मुक्ति – यह सभी प्रकार के भय और चिंता को दूर करता है।
सुरक्षा कवच – मुख्य द्वार पर लगाने से यह घर की सुरक्षा करता है।
सही दिशा और नियम
सबसे उत्तम स्थान – घर का मुख्य द्वार या दक्षिण दिशा की दीवार
दिशा – तस्वीर इस प्रकार लगाएं कि हनुमान जी का मुख दक्षिण दिशा की ओर हो
कहाँ न लगाएं – बेडरूम, बाथरूम या सीढ़ियों के नीचे नहीं लगाएं
साफ-सफाई – तस्वीर वाली जगह को साफ रखें और मंगलवार व शनिवार को पूजा करें
वैदिक पंचांग
भक्तिहीन पुरुषों की गति और भगवान की पूजाविधि का वर्णन…
राजा निमि ने पूछा- योगीश्वरों! आप लोग तो श्रेष्ठ आत्मज्ञानी और भगवान के परमभक्त हैं। कृपा करके यह बतलाइये कि जिनकी कामनाएँ शान्त नहीं हुई हैं, लौकिक-पारलौकिक भोगों की लालसा मिटी नहीं है और मन एवं इन्द्रियाँ भी वश में नहीं हैं तथा जो प्रायः भगवान का भजन भी नहीं करते, ऐसे लोगों की क्या गति होती है?
अब आठवें योगीश्वर चमस जी ने कहा- राजन्! विराट् पुरुष के मुख से सत्त्वप्रधान ब्राह्मण, भुजाओं से सत्त्व-रजप्रधान क्षत्रिय, जाँघों से रज-तम-प्रधान वैश्य और चरणों से तमःप्रधान शूद्र की उत्पत्ति हुई है। उन्हीं की जाँघों से गृहस्थाश्रम, हृदय से ब्रह्मचर्य, वक्षःस्थल से वानप्रस्थ और मस्तक से संन्यास-ये चार आश्रम प्रकट हुए हैं। इन चारों वर्णों और आश्रमों के जन्मदाता स्वयं भगवान ही हैं। वही इनके स्वामी, नियन्ता और आत्मा भी हैं। इसलिए इन वर्ण और आश्रम में रहने वाला जो मनुष्य भगवान का भजन नहीं करता, बल्कि उलटा उनका अनादर करता है, वह अपने स्थान, वर्ण, आश्रम और मनुष्य-योनि से भी च्युत हो जाता है; उसका अधःपतन हो जाता है।
बहुत-सी स्त्रियाँ और शूद्र आदि भगवान की कथा और उनके नामकीर्तन आदि से कुछ दूर पड़ गये हैं। वे आप-जैसे भगवद्भक्तों की दया के पात्र हैं। आप लोग उन्हें कथा-कीर्तन की सुविधा देकर उनका उद्धार करें। ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य जन्म से, वेदाध्ययन से तथा यज्ञोपवीत आदि संस्कारों से भगवान के चरणों के निकट तक पहुँच चुके हैं। फिर भी वे वेदों का असली तात्पर्य न समझकर अर्थवाद में लगकर मोहित हो जाते हैं। उन्हें कर्म का रहस्य मालूम नहीं है। मूर्ख होने पर भी वे अपने को पण्डित मानते हैं और अभिमान में अकड़े रहते हैं। वे मीठी-मीठी बातों में भूल जाते हैं और केवल वस्तु-शून्य शब्द-माधुरी के मोह में पड़कर चटकीली-भड़कीली बातें कहा करते हैं। रजोगुण की अधिकता के कारण उनके संकल्प बड़े घोर होते हैं। कामनाओं की तो सीमा ही नहीं रहती, उनका क्रोध भी ऐसा होता है जैसे साँप का, बनावट और घमंड से उन्हें प्रेम होता है। वे पापी लोग भगवान के प्यारे भक्तों की हँसी उड़ाया करते हैं। वे मूर्ख बड़े-बूढ़ों की नहीं, स्त्रियों की उपासना करते हैं। यही नहीं, वे परस्पर इकट्ठे होकर उस घर-गृहस्थी के सम्बन्ध में ही बड़े-बड़े मनसूबे बाँधते हैं, जहाँ का सबसे बड़ा सुख स्त्री-सहवास में ही सीमित है। वे यदि कभी यज्ञ भी करते हैं तो अन्न-दान नहीं करते, विधि का उल्लंघन करते और दक्षिणा तक नहीं देते। वे कर्म का रहस्य न जानने वाले मूर्ख केवल अपनी जीभ को सन्तुष्ट करने और पेट की भूख मिटाने-शरीर को पुष्ट करने के लिये बेचारे पशुओं की हत्या करते हैं। धन-वैभव, कुलीनता, विद्या, दान, सौन्दर्य, बल और कर्म आदि के घमंड से अंधे हो जाते हैं तथा वे दुष्ट उन भगवत्प्रेमी संतों तथा ईश्वर का भी अपमान करते रहते हैं।
राजन्! वेदों ने इस बात को बार-बार दुहराया है कि भगवान आकाश के समान नित्य-निरन्तर समस्त शरीरधारियों में स्थित हैं। वे ही अपने आत्मा और प्रियतम हैं। परन्तु वे मूर्ख इस वेदवाणी को तो सुनते ही नहीं और केवल बड़े-बड़े मनोरथों की बात आपस में कहते-सुनते रहते हैं।
(वेद विधि के रूप में ऐसे ही कर्मों के करने की आज्ञा देता है कि जिसमें मनुष्य की स्वाभाविक प्रवृत्ति नहीं होती।) संसार में देखा जाता है कि मैथुन, मांस और मद्य की ओर प्राणी की स्वाभाविक प्रवृत्ति हो जाती है। तब उसे उसमें प्रवृत्त करने के लिये विधान तो हो ही नहीं सकता। ऐसी स्थिति में विवाह, यज्ञ और सूत्रामणि यज्ञ के द्वारा ही जो उनके सेवन की व्यवस्था दी गयी है, उसका अर्थ है लोगों की उच्छ्रंखल प्रवृत्ति का नियन्त्रण, उनका मर्यादा में स्थापन। वास्तव में उसकी ओर से लोगों को हटाना ही श्रुति को अभीष्ट है। धन का एकमात्र फल है धर्म; क्योंकि धर्म से ही परम-तत्त्व का ज्ञान और उसकी निष्ठा-अपरोक्ष अनुभूति सिद्ध होती है और निष्ठा में ही परम शान्ति है। परन्तु यह कितने खेद की बात है कि लोग उस धन का उपयोग घर-गृहस्थी के स्वार्थों में या कामभोग में ही करते हैं और यह नहीं देखते कि हमारा यह शरीर मृत्यु का शिकार है और वह मृत्यु किसी प्रकार भी टाली नहीं जा सकती।
सौत्रामणि यज्ञ में भी सूरा को सूँघने का ही विधान है, पीने का नहीं। यज्ञ में पशु का आलभन (स्पर्शमात्र) ही विहित है, हिंसा नहीं। इसी प्रकार अपनी धर्मपत्नी के साथ मैथुन की आज्ञा भी विषयभोग के लिये नहीं, धार्मिक परम्परा की रक्षा के निमित्त सन्तान उत्पन्न करने के लिये ही दी गयी है। परन्तु जो लोग अर्थवाद के वचनों में फँसे हैं, विषयी हैं, वे अपने इस विशुद्ध धर्म को जानते ही नहीं। जो इस विशुद्ध धर्म को नहीं जानते, वे घमंडी वास्तव में तो दुष्ट हैं, परन्तु समझते हैं अपने को श्रेष्ठ। वे धोखे में पड़े हुए लोग पशुओं की हिंसा करते हैं और मरने के बाद वे पशु ही उन मारने वालों को खाते हैं। यह शरीर मृतक-शरीर है। इसके सम्बन्धी भी इसके साथ ही छूट जाते हैं। जो लोग इस शरीर से तो प्रेम की गाँठ बाँध लेते हैं और दूसरे शरीरों में रहने वाले अपने ही आत्मा एवं सर्वशक्तिमान् भगवान से द्वेष करते हैं, उन मूर्खों का अधःपतन निश्चित है।
जिन लोगों ने आत्मज्ञान सम्पादन करके कैवल्य-मोक्ष नहीं प्राप्त किया है और जो पूरे-पूरे मूढ़ भी नहीं हैं, वे अधूरे न इधर के हैं और न उधर के। वे अर्थ, धर्म, काम-इन तीनों पुरुषार्थों में फँसे रहते हैं, एक क्षण के लिये भी उन्हें शान्ति नहीं मिलती। वे अपने हाथों अपने पैरों में कुल्हाड़ी मार रहे हैं। ऐसे ही लोगों को आत्मघाती कहते हैं। अज्ञान को ही ज्ञान मानने-वाले इन आत्मघातियों को कभी शान्ति नहीं मिलती, इनके कर्मों की परम्परा कभी शान्त नहीं होती। काल-भगवान सदा-सर्वदा इनके मनोरथों पर पानी फेरते रहते हैं। इनके हृदय की जलन, विषाद कभी मिटने का नहीं।
राजन्! जो लोग अन्तर्यामी भगवान श्रीकृष्ण से विमुख हैं, वे अत्यन्त परिश्रम करके गृह, पुत्र, मित्र और धन-सम्पत्ति इकट्ठी करते हैं; परन्तु उन्हें अन्त में सब कुछ छोड़ देना पड़ता है और न चाहने पर भी विवश होकर घोर नरक में जाना पड़ता है। (भगवान का भजन न करने वाले विषयों पुरुषों की यही गति होती है)।
राजा निमि ने पूछ- ‘योगीश्वरों! आप लोग कृपा करके यह बतलाइये कि भगवान किस समय किस रंग का, कौन-सा आकार स्वीकार करते हैं और मनुष्य किन नामों और विधियों से उनकी उपासना करते हैं।’
अब नवें योगीश्वर करभाजन जी ने कहा- राजन्! चार युग हैं- सत्य, त्रेता, द्वापर और कलि। इन युगों में भगवान के अनेकों रंग, नाम और आकृतियाँ होती हैं तथा विभिन्न विधियों से उनकी पूजा की जाती है। सत्ययुग में भगवान के श्रीविग्रह का रंग होता है श्वेत। उनके चार भुजाएँ और सिर पर जटा होती है तथा वे वल्कल का ही वस्त्र पहनते हैं। काले मृग का चर्म, यज्ञोपवीत, रुद्राक्ष की माला, दण्ड और कमण्डलु धारण करते हैं। सत्ययुग के मनुष्य बड़े शान्त, परस्पर वैररहित, सबके हितैषी और समदर्शी होते हैं। वे लोग इन्द्रियों और मन को वश में रखकर ध्यानरूप तपस्या के द्वारा सबके प्रकाशक परमात्मा की आराधना करते हैं। वे लोग हंस, सुपर्ण, वैकुण्ठ, धर्म, योगेश्वर, अमल, ईश्वर, पुरुष, अव्यक्त और परमात्मा आदि नामों के द्वारा भगवान के गुण, लीला आदि का गान करते हैं।
राजन्! त्रेतायुग में भगवान के श्रीविग्रह का रंग होता है लाल। चार भुजाएँ होती हैं और कटिभाग में वे तीन मेखला धारण करते हैं। उनके केश सुनहले होते हैं और वे वेदप्रतिपादित यज्ञ के रूप में रहकर स्रुक्, स्रुवा आदि यज्ञ-पात्रों को धारण किया करते हैं। उस युग के मनुष्य अपने धर्म में बड़ी निष्ठा रखने वाले और वेदों के अध्ययन-अध्यापन में बड़े प्रवीण होते हैं। वे लोग ऋग्वेद, यजुर्वेद और सामवेदरूप वेदत्रयी के द्वारा सर्वदेवस्वरूप देवाधिदेव भगवान श्रीहरि की आराधना करते हैं ।
त्रेतायुग में अधिकांश लोग विष्णु, यज्ञ, पृष्निगर्भ, सर्वदेव, उरुक्रम, वृषाकपि, जयन्त और उरुगाय आदि नामों से उनके गुण और लीला आदि का कीर्तन करते हैं। राजन्! द्वापर युग में भगवान के श्रीविग्रह का रंग होता है साँवला। वे पीताम्बर तथा शंख, चक्र, गदा आदि अपने आयुध धारण करते हैं। वक्षःस्थल पर श्रीवत्स का चिह्न, भृगुलता, कौस्तुभ मणि आदि लक्षणों से वे पहचाने जाते हैं। राजन्! उस समय जिज्ञासु मनुष्य महाराजों के चिह्न, छत्र, चँवर आदि से युक्त परमपुरुष भगवान की वैदिक और तान्त्रिक विधि से आराधना करते हैं। वे लोग इस प्रकार भगवान की स्तुति करते हैं- ‘हे ज्ञानस्वरूप भगवान वासुदेव एवं क्रिया शक्तिरूप संकर्षण! हम आपको बार-बार नमस्कार करते हैं। भगवान प्रद्युम्न और अनिरुद्ध के रूप में हम आपको नमस्कार करते हैं। ऋषि नारायण, महात्मा नर, विश्वेश्वर, विश्वरूप और सर्वभूतात्मा भगवान को हम नमस्कार करते हैं।’ राजन्! द्वापर युग में इस प्रकार लोग जगदीश्वर भगवान स्तुति करते हैं।
अब कलियुग में अनेक तन्त्रों के विधि-विधान से भगवान की जैसी पूजा की जाती है, उसका वर्णन सुनो………..
कलियुग में भगवान का श्रीविग्रह होता है कृष्ण-वर्ण-काले रंग का। जैसे नीलम मणि में से उज्ज्वल कान्तिधारा निकलती रहती है, वैसे ही उनके अंग की छटा भी उज्ज्वल होती है। वे हृदय आदि अंग, कौस्तुभ आदि उपांग, सुदर्शन आदि अस्त्र और सुनन्द प्रभृति पार्षदों से संयुक्त रहते हैं। कलियुग में श्रेष्ठ बुद्धिसम्पन्न पुरुष ऐसे यज्ञों के द्वारा उनकी आराधना करते हैं जिनमें नाम, गुण, लीला आदि के कीर्तन की प्रधानता रहती है।
वे लोग भगवान स्तुति इस प्रकार करते हैं- ‘प्रभो! आप शरणागत रक्षक हैं। आपके चरणारविन्द सदा-सर्वदा ध्यान करने योग्य, माया-मोह के कारण होने वाले सांसारिक पराजयों का अन्त कर देने वाले तथा भक्तों की समस्त अभीष्ट वस्तुओं का दान करने वाले कामधेनुस्वरूप हैं। वे तीर्थों को भी तीर्थ बनाने वाले स्वयं परम तीर्थस्वरूप हैं; शिव, ब्रह्मा आदि बड़े-बड़े देवता उन्हें नमस्कार करते हैं और चाहे जो कोई उनकी शरण में आ जाये, उसे स्वीकार कर लेते हैं। सेवकों की समस्त आर्ति और विपत्ति के नाशक तथा संसार-सागर से पार जाने के लिये जहाज हैं। महापुरुष! मैं आपके उन्हीं चरणारविन्दों की वन्दना करता हूँ। भगवन्! आपके चरणकमलों की महिमा कौन कहे? रामावतार में अपने पिता दशरथ जी के वचनों में देवताओं के लिये भी वांछनीय और दुस्त्य्ज राज्य-लक्ष्मी को छोड़कर आपके चरण-कमल वन-वन घूमते फिरे! सचमुच आप धर्मनिष्ठता की सीमा हैं। और महापुरुष! अपनी प्रेयसी सीता के चाहने पर जान-बूझकर आपके चरणकमल माया मृग के पीछे दौड़ते रहे। सचमुच आप प्रेम की सीमा हैं। प्रभो! मैं आपके उन्हीं चरणारविन्दों की वन्दना करता हूँ’।
राजन्! इस प्रकार विभिन्न युगों के लोग अपने-अपने युग के अनुरूप नाम-रूपों द्वारा विभिन्न प्रकार से भगवान की आराधना करते हैं। इसमें सन्देह नहीं कि धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष-सभी पुरुषार्थों के एकमात्र स्वामी भगवान श्रीहरि ही हैं। कलियुग में केवल संकीर्तन से ही सारे स्वार्थ और परमार्थ बन जाते हैं। इसलिए इस युग का गुण जानने वाले सारग्राही श्रेष्ठ पुरुष कलियुग की बड़ी प्रशंसा करते हैं, इससे बड़ा प्रेम करते हैं। देहाभिमानी जीव संसार चक्र में अनादि काल से भटक रहे हैं। उनके लिये भगवान की लीला, गुण और नाम के कीर्तन से बढ़कर और कोई परम लाभ नहीं है; क्योंकि इससे संसार में भटकना मिट जाता है और परम शान्ति का अनुभव होता है। राजन्! सत्ययुग, त्रेता और द्वापर की प्रजा चाहती है कि हमारा जन्म कलियुग में हो; क्योंकि कलियुग में कहीं-कहीं भगवान नारायण के शरणागत उन्हीं के आश्रय में रहने वाले बहुत-से भक्त उत्पन्न होंगे।
महाराज विदेह! कलियुग में द्रविड़ देश में अधिक भक्त पाये जाते हैं; जहाँ ताम्रपपर्णी, कृतमाला, पयस्विनी, परम पवित्र कावेरी, महानदी और प्रतीची नाम की नदियाँ बहती हैं। राजन्! जो मनुष्य इन नदियों का जल पीते हैं, प्रायः उनका अन्तःकरण शुद्ध हो जाता है और वे भगवान वासुदेव के भक्त हो जाते हैं।
राजन्! जो मनुष्य ‘यह करना बाकी है, वह करना आवश्यक है’ इत्यादि कर्म-वासनाओं का अथवा भेद-बुद्धि का परित्याग करके सर्वात्मभाव से शरणागतवत्सल, प्रेम के वरदानी भगवान मुकुन्द की शरण में आ गया है, वह देवताओं, ऋषियों, पितरों, प्राणियों, कुटुम्बियों और अतिथियों के ऋण से उऋण हो जाता है; वह किसी के अधीन, किसी का सेवक, किसी के बन्धन में नहीं रहता। जो प्रेमी भक्त अपने प्रियतम भगवान के चरण-कमलों का अनन्यभाव से-दूसरी भावनाओं, आस्थाओं, वृत्तियों और प्रवृत्तियों को छोड़कर-भजन करता है, उससे, पहली बात तो यह है कि पापकर्म होते ही नहीं; परन्तु यदि कभी किसी प्रकार हो भी जाये तो परमपुरुष भगवान श्रीहरि उसके हृदय में बैठकर वह सब धो-बहा देते और उसके हृदय को शुद्ध कर देते हैं।
नारद जी कहते हैं- वसुदेव जी! मिथिला नरेश राजा निमि नौ योगीश्वरों से इस प्रकार भागवत धर्मों का वर्णन सुनकर बहुत आनन्दित हुए। उन्होंने अपने ऋत्विज् और आचार्यों के साथ ऋषभनन्दन नव योगीश्वरों की पूजा की। इसके बाद सब लोगों के सामने ही वे सिद्ध अन्तर्धान हो गये। विदेहराज निमि ने उनसे सुने हुए भागवत धर्मों का आचरण किया और परमगति प्राप्त की।
महाभाग्यवान् वसुदेव जी! मैंने तुम्हारे आगे जिन भागवत धर्मों का वर्णन किया है, तुम भी यदि श्रद्धा के साथ इनका आचरण करोगे तो अन्त में सब आसक्तियों से छूटकर भगवान का परमपद प्राप्त कर लोगे। वसुदेव जी! त्तुम्हारे और देवकी के यश से तो सारा जगत् भरपूर हो रहा है; क्योंकि सर्वशक्तिमान् भगवान श्रीकृष्ण तुम्हारे पुत्र के रूप में अवतीर्ण हुए हैं। तुम लोगों ने भगवान के दर्शन, आलिंगन तथा बातचीत करने एवं उन्हें सुलाने, बैठाने, खिलाने आदि के द्वारा वात्सल्य-स्नेह करके अपना हृदय शुद्ध कर लिया है; तुम परम पवित्र हो गये हो।
वसुदेव जी! शिशुपाल, पौण्ड्रक और शाल्व आदि राजाओं ने तो वैरभाव से श्रीकृष्ण की चाल-ढाल, लीला-विलास, चितवन-बोलन आदि का स्मरण किया था। वह भी नियमानुसार नहीं, सोते, बैठते, चलते-फिरते-स्वाभाविक रूप से ही। फिर भी उनकी चित्तवृत्ति श्रीकृष्णाकार हो गयी और वे सारूप्यमुक्ति के अधिकारी हुए। फिर जो लोग प्रेम भाव और अनुराग से श्रीकृष्ण का चिन्तन करते हैं, उन्हें श्रीकृष्ण की प्राप्ति होने में कोई सन्देह है क्या?
वसुदेव जी! तुम श्रीकृष्ण को केवल अपना पुत्र ही मत समझो। वे सर्वात्मा, सर्वेश्वर, कारणातीत और अविनाशी हैं। उन्होंने लीला के लिये मनुष्य रूप प्रकट करके अपना ऐश्वर्य छिपा रखा है। वे पृथ्वी के भारभूत राजवेषधारी असुरों का नाश और संतों की रक्षा करने के लिये तथा जीवों को परम शान्ति और मुक्ति देने के लिये ही अवतीर्ण हुए हैं और इसी के लिये जगत् में उनकी कीर्ति भी गायी जाती है।
श्रीशुकदेव जी कहते हैं- प्रिय परीक्षित! नारद जी के मुख से यह सब सुनकर परम भाग्यवान् वसुदेव जी और परम भाग्यवती देवकी जी को बड़ा ही विस्मय हुआ। उनमें जो कुछ माया-मोह अवशेष था, उसे उन्होंने तत्क्षण छोड़ दिया। राजन्! यह इतिहास परम पवित्र है। जो एकाग्रचित्त से इसे धारण करता है, वह अपना सारा शोक-मोह दूर करके ब्रह्मपद को प्राप्त होता है।
जिनका आज जन्मदिन है उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं, बधाई एवं शुभ आशीर्वाद
आपका जन्मदिन: 3 फरवरी
अंक ज्योतिष अनुसार आपका मूलांक 3 है, जो बृहस्पति का प्रतिनिधित्व करता है।
आप निष्कपट, दयालु और उच्च तार्किक क्षमता वाले व्यक्ति होते हैं।
आप दार्शनिक स्वभाव के साथ ऊर्जावान भी होते हैं।
शिक्षा में आपकी पकड़ मजबूत रहती है।
आप सामाजिक स्वभाव के होते हैं और पूर्णता की तलाश में रहते हैं, जिसके कारण कभी-कभी तनाव में भी रहते हैं।
अनुशासनप्रिय होने के कारण कभी-कभी कठोर भी लग सकते हैं।
शुभ दिनांक – 3, 12, 21, 30
शुभ अंक – 1, 3, 6, 7, 9
शुभ वर्ष – 2028, 2030, 2031, 2034, 2043, 2049, 2052
ईष्टदेव – देवी सरस्वती, देवगुरु बृहस्पति, भगवान विष्णु
शुभ रंग – पीला, सुनहरा, गुलाबी
शुभ कार्य
घर या परिवार में शुभ कार्य होंगे।
मित्रों का सहयोग मिलेगा।
शत्रु प्रभावहीन रहेंगे।
यात्रा के योग बनेंगे।
व्यापार
यह माह अत्यंत शुभ है। नए व्यापार की योजना बन सकती है।
करियर
परीक्षा में सफलता संभव है।
नौकरीपेशा लोगों को प्रतिभा के बल पर उन्नति मिलेगी।
दांपत्य जीवन सुखद रहेगा।
मेष (Aries)
स्वभाव – उत्साही
राशि स्वामी – मंगल
शुभ रंग – लाल
आज का दिन मान-सम्मान में वृद्धि देने वाला है। राजनीति या सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। किसी की बात आपको बुरी लग सकती है, इसलिए आवेश में निर्णय लेने से बचें। माताजी के स्वास्थ्य, विशेषकर पैरों से संबंधित समस्या पर ध्यान दें। कार्यक्षेत्र में किसी प्रकार की राजनीति से दूरी बनाए रखें।
वृषभ (Taurus)
स्वभाव – धैर्यवान
राशि स्वामी – शुक्र
शुभ रंग – नीला
आज संपत्ति से जुड़े मामलों में शुभ संकेत हैं। एक साथ कई कार्य आने से व्यस्तता बढ़ेगी। प्रॉपर्टी खरीदने या बेचने की योजना सफल हो सकती है। बाहरी व्यक्तियों की सलाह पर अधिक निर्भर न रहें। व्यापार में सुधार होगा। किसी कानूनी मामले पर सतर्क रहना आवश्यक है।
मिथुन (Gemini)
स्वभाव – जिज्ञासु
राशि स्वामी – बुध
शुभ रंग – पीला
आज परोपकार के कार्यों से सम्मान मिलेगा। नई योजनाएं सफल होंगी। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों को लापरवाही से बचना चाहिए। मनोरंजन के कारण कार्य टल सकते हैं। परिवार में विवाह संबंधी बाधा दूर करने के प्रयास सफल हो सकते हैं।
कर्क (Cancer)
स्वभाव – भावुक
राशि स्वामी – चंद्र
शुभ रंग – हरा
आज का दिन सकारात्मक परिणाम देगा। मन में कुछ चिंता रह सकती है, लेकिन भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा। कार्यक्षेत्र में झूठे आरोपों से दूरी बनाए रखें। संतान की प्रगति से प्रसन्नता होगी। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। खानपान में संयम रखें।
सिंह (Leo)
स्वभाव – आत्मविश्वासी
राशि स्वामी – सूर्य
शुभ रंग – सफेद
आज का दिन मध्यम फलदायक रहेगा। पड़ोसियों से विवाद से बचें। पुराने लेनदेन से जुड़ी समस्या का समाधान होगा। आत्मनिर्भर रहें। संतान के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। पुराने मित्र से भेंट संभव है।
कन्या (Virgo)
स्वभाव – मेहनती
राशि स्वामी – बुध
शुभ रंग – गोल्डन
आज उन्नति के नए अवसर मिलेंगे। सरकारी कार्य जो लंबे समय से रुके थे, पूरे हो सकते हैं। वाहन प्रयोग में सावधानी रखें। विदेश शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए शुभ समय है। माता से संवाद लाभदायक रहेगा। जीवनशैली सुधारने की इच्छा जागृत होगी।
तुला (Libra)
स्वभाव – संतुलित
राशि स्वामी – शुक्र
शुभ रंग – नीला
आज परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। धन को किसी लाभकारी योजना में निवेश कर सकते हैं। कानूनी मामलों में लापरवाही नुकसानदायक हो सकती है। किसी सहयोगी की बात मन को आहत कर सकती है। परिवार के किसी सदस्य को नौकरी हेतु बाहर जाना पड़ सकता है।
वृश्चिक (Scorpio)
स्वभाव – रहस्यमय
राशि स्वामी – मंगल
शुभ रंग – लाल
आज नया करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्षेत्र में नए विचार आएंगे। जीवनसाथी नई नौकरी के लिए प्रयास कर सकते हैं। आय में वृद्धि होगी। लंबे समय से रुका कार्य पूरा होने से संतोष मिलेगा। पिता की सलाह लाभदायक सिद्ध होगी।
धनु (Sagittarius)
स्वभाव – दयालु
राशि स्वामी – गुरु
शुभ रंग – गुलाबी
आज लेनदेन में सावधानी आवश्यक है। निर्णय क्षमता मजबूत रहेगी, लेकिन किसी के बहकावे में न आएं। माता की कोई बात मन को दुखी कर सकती है। विद्यार्थियों को मानसिक बोझ से राहत मिलेगी। धार्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। मांगलिक कार्यक्रम में सहभागिता संभव है।
मकर (Capricorn)
स्वभाव – अनुशासित
राशि स्वामी – शनि
शुभ रंग – गोल्डन
आज का दिन मिश्रित परिणाम देगा। यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। राजनीति में उच्च पद की प्राप्ति संभव है। नया वाहन खरीदने के योग हैं। पुराने लेनदेन से जुड़ी समस्या उभर सकती है। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा।
कुंभ (Aquarius)
स्वभाव – मानवतावादी
राशि स्वामी – शनि
शुभ रंग – ग्रे
आज मौज-मस्ती और आनंद का दिन है। बच्चों के साथ समय बिताने से मानसिक शांति मिलेगी। पिता से उपहार या सहयोग मिल सकता है। बाहर जाते समय कीमती वस्तुओं की सुरक्षा करें। धन में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य में सुधार आएगा। मनोकामना पूर्ण होने के योग हैं।
मीन (Pisces)
स्वभाव – संवेदनशील
राशि स्वामी – बृहस्पति
शुभ रंग – सफेद
आज भागदौड़ अधिक रहेगी और मन विचलित रह सकता है। कार्यों में लापरवाही से बचें। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना होगा। दूसरों के मामलों में अनावश्यक सलाह न दें। ऊर्जा अधिक रहेगी, उसे सकारात्मक दिशा में लगाएं।

Leave a Reply